UP Board Exam 2021 Preparation: यूपी बोर्ड के छात्र-छात्राएं ध्यान दें, रसायन विज्ञान में अच्छे अंक पाना है तो ऐसे करें पढ़ाई
UP Board Exam 2021 Preparation राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआइसी) प्रयागराज की शिक्षिका डॉक्टर ज्योति मालवीय इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान के छात्र-छात्राओं को यहां टिप्स दे रही हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी विषयवार और ढंग से पढ़ाई करें तो अच्छे अंक प्राप्त कर सकते हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी बोर्ड की परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं को चिंता बनी रहती है। विशेष तौर पर इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान को लेकर परेशानी बनी रहती है। इसीलिए इंटरमीडिएट के इस विषय के परीक्षार्थियों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। गणित की तरह रसायन विज्ञान भी अच्छे अंक मिल सकते हैं। छात्रों को रसायन विज्ञान में बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए यह टिप्स फायदेमंद होगी। इस विषय को सिर्फ रटें नहीं, समझें और लिखकर अभ्यास करने की जरूरत होती है। कोरोना काल में 30 प्रतिशत पाठ्यक्रम कम कर दिया गया है। परीक्षा के समय पाठ्यक्रम से हटाए पाठों पर समय न खर्च करें।
जीजीआइसी की शिक्षक डॉ. ज्योति मालवीय के टिप्स
जीजीआइसी की शिक्षक डॉ. ज्योति मालवीय कहती हैं कि एनसीईआरटी की किताब से पढ़ाई करना लाभकारी है। प्रत्येक अध्याय के महत्वपूर्ण बिंदुओं को एक जगह जरूर लिख लें। समय समय पर उन्हें दोहराते रहें। आंकिक प्रश्नों के सूत्रों को भी लिखकर याद करें। उनका चार्ट बनाकर एक जगह टांग दें। आते जाते उस पर नजर डालते रहें, उसे अलग से बैठकर रटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। परीक्षा में लघु उत्तरीय प्रश्नों में कई बार सूत्र पूछ लिए जाते हैं। इनके उत्तर सही सही लिखने पर अंक भी नहीं कटते हैं। लिखावट का भी कोई प्रभाव नहीं पड़ता। परीक्षा की तैयारी के लिए उन्हीं पुस्तकों को पढ़ें जो पाठ्यक्रम के लिए तय हों, अर्थात प्रमाणित पुस्तकों को पढऩा चाहिए। उससे भ्रम की स्थिति नहीं पैदा होगी।
परीक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं ये पाठ
- उप सहसंयोजक यौगिक, एल्डिहाइड एवं किटोन, जैव अणु, विलयन पर खास ध्यान दें।
- अकार्बनिक रसायन विज्ञान में पी ब्लाक एलीमेंट्स, डी और एफ ब्लाक एलीमेंट को फ्लो चार्ट बनाकर याद करें।
- भौतिक रसायन विज्ञान, रासायनिक बलगतिकी, वैद्युत रसायन, विलयन ठोस अवस्था आदि पाठ से कई प्रश्न पूछे जाते हैं। आंकिक प्रश्न और उसके उदाहरण जरूर पढ़ें।
ये गुरु मंत्र आपके आएगा काम
- कार्बनिक रसायन विज्ञान में प्रयोगशाला विधि और नाम अभिक्रिया से संबंधित रासायनिक अभिक्रियाओं को लिखकर याद करें।
- एक बार सभी पाठों को जरूर दोहरा लें।
- पिछले वर्ष के प्रश्नपत्र को भी हल करें। आंकिक प्रश्न दोबारा आ सकते हैं।
अच्छे अंक के लिए इन बिंदुओं पर छात्र-छात्राएं ध्यान दें
- पाठ्यक्रम में निर्धारित गैस संबंधी अध्याय को ठीक से पढ़ें। प्रयोगशाला विधि (कार्बनिक रसायन व अकार्बनिक रसायन) को चित्र बनाकर समझें। उत्तर लिखते समय भी इसका ध्यान रखें।
- रासायनिक समीकरण बार बार लिखकर अभ्यास करें।
- क्या होता है जब और रासायनिक समीकरणों को पूरा करने से संबंधित प्रश्नों को पिछले दस वर्ष के प्रश्नपत्रों से बार बार हल करें।
- शीर्षक व टिप्पणी लिखते समय उदाहरण, चित्र व रासायनिक समीकरण जरूर लिखें।
ऐसा होगा प्रश्नपत्र का स्वरूप
- कुल 70 अंक का प्रश्नपत्र रहेगा।
- पहला प्रश्न बहु विकल्पी होगा। कुल छह प्रश्न रहेंगे। प्रत्येक के लिए एक अंक दिया जाएगा।
- प्रश्न दो में चार प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। प्रत्येक के लिए दो अंक मिलेंगे।
- प्रश्न तीन में भी चार खंड होंगे। प्रत्येक के लिए दो अंक दिए जाएंगे।
- प्रश्न चार कुल 12 अंक का होगा। इसमें चार प्रश्नों के उत्तर लिखने होंगे। हर प्रश्न के लिए तीन अंक दिए जाएंगे।
- प्रश्न पांच में चार खंड होगा। प्रत्येक चार अंक का रहेगा।
- प्रश्न छह में दो खंड क और ख रहेगा। प्रत्येक के लिए पांच अंक दिए जाएंगे।
- प्रश्न सात भी दो खंड में विभाजित रहेगा। हर खंड पांच अंक का होगा।
जानें, पाठ्यक्रम से हटाए गए हैं ये पाठ
-ठोस अवस्था - वैद्युतिकी और चुंबकीय गुण, बैड थ्यौरी, एच और पी टाइप सेमीकंडक्टर
- विलयन - असामान्य गणुभार, वांट हाफ फैक्टर
- वैद्युत रसायन - ईधन सेल, संक्षारण, विद्युत अपघटन के नियम
- रासायनिक बल गतिकी - संघट्य थ्योरी, सक्रिय ऊर्जा, आरहिनियस समीकरण
- पृष्ठ रसायन- उत्प्रेरण, इमन्शन, एंजाइम उत्प्रेरण
- तत्वों के निष्कर्षण और सिद्धांत
- पी ब्लाक तत्व - फास्फीन और सल्फूरिक अम्ल बनाने की विधि व गुण, नाइट्रोजन के आक्साइड, फास्फोरस के अपरूप और यौगिक, हैलाइरूस व ऑक्सो अम्ल की विधि व गुण
- डी और एफ ब्लाक तत्व - लैंथेनाइड्स की रासायनिक क्रियाशीलता, एक्टिनाइड्स
- उप सहसंयोजक यौगिक - त्रिविम समावयवता, उपसह संयोजक यौगिकों का महत्व
- हैलोएल्केन - पर्यावरणीय प्रभाव व उपयोग, डीडीटी, फ्रेयान, आयोडोफार्म
- बहुलक व दैनिक जीवन में रसायन विज्ञान संबंधी पाठ भी हटा दिया गया है।
पाठों के अनुसार अंक विभाजन
- ठोस अवस्था से तीन अंक के प्रश्न
- विलयन से पांच अंक
- वैद्युत रसायन से सात अंक
- रासायनिक बलगतिकी से पांच अंक
- पृष्ठ रसायन से चार अंक
- पी ब्लाक के तत्व से सात अंक
- डी और एफ ब्लाक से तीन अंक
- उप सह संयोजक यौगिक से चार अंक
- हैलो एल्केन व हैलोएटीन से चार अंक
-एल्कोहल, फिनाल व ईथर से पांच अंक
- एल्डिहाड, कीटोन, अम्ल से पांच अंक, नाइट्रोजन युक्त यौगिक से चार अंक व जैव अणु से छह अंक के प्रश्न आएंगे।





Comments
Post a Comment